ड्रैगन पैलेस टेंपल का 26वां स्थापना दिवस: भारत-जापान की एकता और विश्व शांति का संदेश
अंतरराष्ट्रीय भाईचारे और विश्व शांति के प्रतीक ड्रैगन पैलेस टेंपल का 26वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार, 5 नवंबर को सुबह 10:30 बजे भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया जाएगा। इस समारोह की खासियत यह है कि भारत और जापान के प्रसिद्ध बौद्ध धर्मगुरु और भिक्षु संघ की विशेष उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष बुद्ध वंदना और धम्मदेशना से होगी। भारत-जापान के बौद्ध धर्मगुरु इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर जापान के मिनोबसन कुंजी टेंपल के प्रमुख टेंगन हमाजिमा अध्यक्षता करेंगे।
उनके साथ ग्योहो उचियामा, गोनशी वतनाबे, शिंग्यो इमाई, केन्सो होशिनो, क्योसेई कोमानो, ग्योकेन कूडो, कैओ सुजुकी जैसे प्रतिष्ठित बौद्ध भिक्षु भी उपस्थित रहेंगे। इस समारोह में विभिन्न देशों के बौद्ध अनुयायी, धर्मगुरु, शोधकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस आयोजन का मुख्य संदेश अंतरराष्ट्रीय भाईचारा, विश्व शांति और सामाजिक समानता होगा।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, धर्म प्रचार और मानव एकता की भावना का संगम देखने को मिलेगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत — 5 नवंबर की शाम 7 से 10 बजे तक “पावा म्यूजिकल कार्यक्रम” 6 नवंबर की शाम 7 से 10 बजे तक “कौमी एकता मुशायरा” 7 नवंबर की शाम 7 से 10 बजे तक “बुद्ध-भीम गीतों का कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन के माध्यम से बौद्ध धर्म की वैश्विक एकता और भारत-जापान के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, ऐसा कहना है ड्रैगन पैलेस की प्रमुख और पूर्व राज्यमंत्री अॅड. सुलेखा कुंभारे का।