देवेंद्र फडणवीस ने कहा भाजपा में मंत्री पद के लिए पैसे नहीं लिए जाते

विधायकों से रुपए की मांग करने के प्रकरण पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने संगठन की सराहना की है। फडणवीस कहा है कि भाजपा में मंत्री पद के लिए रुपए नहीं लिए जाते हैं। सभी विधायकों व पदाधिकारियों को यह बात मालूम है, इसलिए रुपए मांगे जाने की शिकायत पुलिस तक पहुंची। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को जिले के दौरे पर आए देवेंद्र फडणवीस ने संवाद माध्यम से चर्चा की। विधायक विकास कुंभारे, टेकचंद सावरकर सहित अन्य से वसूली के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी नीरज सिंह राठोड़ को गुजरात से गिरफ्तार कर लाया है। इस मामले में भाजपा व संघ पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि आरोपी नीरज सिंह राठोड़ भाजपा का कार्यकर्ता है। वह संघ से भी जुड़ा रहा है।

देवेंद्र फडणवीस ने सावनेर विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजपा की भूमिका के बारे में संकेत दिए हैं। सावनेर में कांग्रेस के सुनील केदार चुनाव जीतते रहे हैं। इस बार उन्हें चुनौती देने के लिए भाजपा विशेष रणनीति पर काम कर रही है। इस बीच काटोल के पूर्व विधायक आशीष देशमुख कांग्रेस से बगावत कर सावनेर में सक्रिय हुए हैं। देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि सावनेर में कोई नया प्रयोग नहीं किया जाएगा। 2019 में भाजपा उम्मीदवार रहे राजीव पोतदार को चाणक्य की भूमिका में दर्शाते हुए कहा कि चंद्रगुप्त तय करने का काम स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का है। भाजपा के बूथ प्रमुखों को विशेष कार्यकारी अधिकारी का दर्जा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही डेढ़ लाख विशेष कार्यकारी दंडाधिकारी के नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।