कोरोना के मामले बढ़ते ही मनपा सतर्क, मनपा आयुक्त राधाकृष्णन बी ने कहा- लक्षण दिखाई देते ही कराएं टेस्ट
राज्य के साथ ही शहर में भी कोरोना के धीरे-धीरे बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए मनपा प्रशासन सतर्क हो गया है. हालांकि शहर में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन गत 2 दिनों से लगातार जिले में 9-9 मरीज मिलने के बाद मनपा आयुक्त राधाकृष्णन. बी ने लोगों से अपील की कि लक्षण दिखाई देते ही वे टेस्ट कराएं. उन्होंने कहा कि कोरोना को पूरी तरह से मात देने तथा श्रृंखला खंडित करने के लिए अधिक से अधिक टेस्ट कराने पर जोर दिया जा रहा है. भविष्य के खतरे को टालने के लिए लोगों का भी सहयोग जरूरी है. मनपा के सभी सेंटर्स पर नि:शुल्क कोरोना की जांच जारी है. उन्होंने कहा क जिन लोगों ने वैक्सीन के दोनों डोज नहीं लिए हैं उन्हें तुरंत डोज ले लेनी चाहिए.
कोरोना पर पूरी तरह से नियंत्रण पाने के बाद स्थिति सामान्य होते ही स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली थी. अब अचानक हर दूसरे दिन आंकड़ों के बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है जिससे स्वास्थ्य विभाग फिर अलर्ट मोड में आ गया है. वर्तमान में शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित 36 सेंटर्स पर कोरोना की जांच की जा रही है. बाहर से यात्रा कर शहर में आने वाले लोगों में कोरोना के लक्षण दिखाई दे रहे हैं.
मनपा आयुक्त ने कहा कि ऐसे लोगों के सम्पर्क में आने और कोरोना के लक्षण दिखाई देते ही तुरंत टेस्ट कराना चाहिए. उधर जिले में गत 2 दिनों से 9-9 कोरोना मरीज जरूर मिले लेकिन सिटी में प्रतिदिन का आंकड़ा 2-3 ही है. लिहाजा स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है. फिलहाल लोगों को सतर्क रहकर मनपा की मदद करनी होगी.
सिटी में 99 प्रतिशत से अधिक लोगों को कोरोना का पहला टीका लगाया जा चुका है. 79 प्रतिशत लोगों को दोनों डोज दिए जा चुके हैं. कई लोग ऐसे भी हैं जो दूसरा डोज पाने योग्य हो गए हैं लेकिन कोरोना नियंत्रण में होने के कारण दूसरा डोज लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं. आयुक्त ने कहा कि इसे नजरअंदाज न करें और दूसरा डोज ले लेना चाहिए. 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 66 प्रतिशत युवाओं ने पहला डोज लिया है जबकि 50 प्रतिशत ने दोनों डोज ले लिया है. 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग में 39 प्रतिशत बच्चों ने पहला डोज ले लिया है जबकि 16 प्रतिशत ने दूसरा डोज भी ले लिया है. 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग में 5,108 लोगों को बूस्टर डोज भी लगाया जा चुका है.